उत्तराखंडदेशराजनीतिराष्ट्रीय

यकीन करो-सरकार सब ठीक कर देगी!भीषण आग में तबाह उत्तरकाशी के पवाणी गाँव में कंधे पर हाथ रख के-पहाड़ों में पैदल चल के CM पुष्कर ने बढ़ाया पीड़ितों का हौसला:आश्वस्त किया,`सरकार संकट की बेला में प्रभावितों का दुख-तकलीफ दूर करने के लिए साथ’

CM पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तरकाशी की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और भीषण अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लेने के साथ ही हर पीड़ित से व्यक्तिगत मुलाक़ात कर उनको आश्वस्त किया कि सरकार इस मुश्किल वक्त में उनके साथ है। ये भी कहा कि प्रभावित परिवार को इस संकट से उबारने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का वादा और हाथों हाथ हर प्रभावित परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन किया जाए। प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। पवाणी गांव की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य भी किए जाएंगे। वर्तमान में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके जीवन को फिर से सामान्य बनाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सबसे पहले प्रभावित परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सर्दी का मौसम होने तथा क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ ही सुरक्षित रखा गया छह माह का राशन-अनाज भी नष्ट हो गया है। परिवारों के सामने खाद्यान्न की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आगामी छह माह के राशन की समुचित व्यवस्था की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवारों की अन्य दैनिक आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चों की शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए कहा कि इस आपदा के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था की जाए। बच्चों, माताओं-बहनों और बुजुर्गों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

CM पुष्कर ने कहा कि इस दुःखद घटना में जिन परिवारों ने अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। सरकार का एक-एक अधिकारी, प्रशासन और पूरा सरकारी तंत्र प्रभावित बच्चों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने, उनके जीवन में विश्वास और उम्मीद लौटाने तथा उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प है।

पुष्कर ने कहा कि सरकार किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने देगी। वह लोगों से बात करते वक्त घुटनों के बल खुद भी बैठ रहे थे। उनके कंधों पर हाथ रख के उनकी हौसला अफजाई की कि फिक्र न करें,सरकार उनके पुनर्वास का पूरा ख्याल रखेगी। उनकी तकलीफ़ों को दूर करेगी। वह पैदल ही सभी जगह पहुँच रहे थे। बच्चों से भी बात कर उनकी हिम्मत बढ़ाई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार DM प्रशांत आर्य और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। वह निरंतर हालात की रिपोर्ट ले रहे थे तथा अधिकारियों को राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए निरंतर कार्य करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button