Big News::CM पुष्कर की गरम-ताजा मुद्दों पर खरी-खरी:खत्म हो जाना चाहिए मंत्री सुबोध-दलेर मेंहदी विवाद: मिका-दलेर से बात कर लूँगा:मंत्री रेखा-पति पप्पू विवाद पर बोले,`Audio के आधार पर नहीं कानून के मुताबिक तय होगा गुनहगार’:22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक दो चरणों में केंद्र-राज्य सरकार की उपलब्धियों पर Congress के खिलाफ अभियान
31 अक्टूबर को श्रीनगर, 2 नवंबर को देहरादून,3 नवंबर को रुद्रपुर में पदयात्रा:न्याय यात्रा निकाल रही Congress पहले खुद के क्षसंकाल का हिसाब दे:प्रीतम सिंह के भाई से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण की निष्पक्ष जाँच आवश्यक:पीड़ित के साथ सरकार : मुख्यमंत्री

CHETAN GURUNG
CM पुष्कर सिंह धामी ने इन दिनों देश और दुनिया में छाए और सुर्खियां बटोर रहे मेंहदी-मंत्री सुबोध उनियाल विवाद समेत तमाम गरम और मौजूं मुद्दों पर आज कहा कि मंत्री खुद साफ कर चुके हैं कि उनकी मंशा किसी (दलेर मेंहदी) का अपमान करने की नहीं थी। उनको जानकारी नहीं थी कि दलेर की तबीयत ठीक नहीं थी। मुमकिन है कि वह (सुबोध) लोगों के दबाव में रहे होंगे। लिहाजा ऐसी स्थिति पैदा हो गई। दलेर और उनके भाई मिका सिंह से मेरी मित्रता है। दोनों से बात कर लूँगा। मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी पप्पू के विवाद पर उन्होंने कहा कि सिर्फ Audio में नाम आने से कोई गुनहगार नहीं हो जाता। 22 साल तक दोनों साथ-साथ रहे। आज तक आरोप नहीं लगाए। जांच से ही सब साफ होगा। उन्होंने Congress नेता के भाइयों के Viral Audio पर कहा कि ये बहुत संवेदनशील मामला है। BJP इसकी जांच कर रही। उन्होंने ये ऐलान भी किया कि BJP प्रदेश भर में काँग्रेस के खिलाफ 30 नवंबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। पदयात्राएँ निकालेगी।

BJP प्रदेश मुख्यालय पर CM पुष्कर सिंह धामी ने Congress पर हमले किए और कई अहम मुद्दों पर राय पेश की
—————

मुख्यमंत्री ने कुंजापुरी मेले में स्टेज शो के दौरान पंजाबी गायक दलेर पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए मंत्री सुबोध का उन पर भड़कने से पैदा विवाद पर कहा कि ये विवाद अब खत्म हो जाना चाहिए। मंत्री खुद सामने आ के स्थिति साफ कर चुके हैं कि उनको दलेर के खराब स्वास्थ्य की जानकारी नहीं थी। उत्तराखंड कलाकारों-विद्वानों-साहित्यकारों की धरती है। सभी का यहाँ सम्मान है। खेल-खाद्य-महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा और उनके पति में विवाद पर उन्होंने कहा कि किसी Audio भर के आधार पर कोई गुनहगार नहीं हो जाएगा। ये प्रश्न है कि आज तक क्यों आरोप नहीं लगाए गए। ये आरोप आज क्यों आए? जांच से ही आरोपों की सत्यता साबित होगी। Audio में नाम आने भर से कोई गुनहगार नहीं होते। कानून अपना कार्य कर रहा है। राजनीतिक लाभ के लिए कोई गुनहगार नहीं ठहराया जाएगा।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में Press Conference के दौरान कांग्रेस पर तीखा प्रहार भी किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी पराजय स्वीकार करने के बजाए संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रही है। वह जहां से भी सरकार से हटी,दुबारा आज तक नहीं आई। लोगों ने उनको बाहर ही कर दिया। भारतीय जनता पार्टी 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रदेश भर में दो चरणों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। प्रथम चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तथा द्वितीय चरण 11 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी 13 जनपदों में पदयात्राओं और जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वर्ष 2014 में अवाम ने PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर विकास, सुशासन और राजनीतिक स्थिरता के नए युग की शुरुआत की। बीते वर्षों में भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। कांग्रेस इन उपलब्धियों को स्वीकार करने के बजए भ्रामक प्रचार और नकारात्मक राजनीति के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
PSD ने कहा कि सरकार की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर हिंसा, अराजकता और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना अनुचित है। चुनाव जीतने पर लोकतंत्र की विजय का दावा करना और हारने पर चुनाव आयोग तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की दोहरी मानसिकता को दर्शाता है। वर्तमान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने वर्ष 2025 में पदभार ग्रहण किया। कांग्रेस की चुनावी विफलताओं का सिलसिला इससे बहुत पहले से जारी है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा शिक्षा, रोजगार, नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए। Congress समेत कुछ राजनीतिक शक्तियां अपने स्वार्थ के लिए युवाओं को भड़काकर टकराव और अराजकता की ओर धकेलने का प्रयास कर रही हैं। देश में बांग्लादेश जैसी परिस्थितियां पैदा करने और व्यवस्था को अस्थिर करने संबंधी बयान भी गंभीर विषय है। भारत में परिवर्तन का मार्ग हिंसा या अराजकता नहीं है। संविधान और जनता का जनादेश इसको मुमकिन बनाता है।
CM पुष्कर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में उत्तराखंड समेत देश की युवा पीढ़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को सबसे पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि अपने लंबे शासनकाल में उसने प्रदेश की जनता को न्याय दिलाने के लिए क्या कार्य किए। न्याय यात्रा के पीछे जनहित से जुड़े मुद्दों पर कोई ठोस रोडमैप नहीं दिखता है। BJP के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट,प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज और Media In-Charge मनवीर सिंह चौहान भी इस दौरान मौजूद थे।



