
Chetan Gurung
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान’ के जनसेवा शिविर में क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें 30 विकास कार्यों का शिलान्यास और 8 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर लोगों में CM PSD से मिलने,उनके साथ Selfie लेने और फोटो खिंचवाने का जुनून लोगों में गज़ब का दिखाई दिया। एक बुजुर्ग महिला खुशी से मुख्यमंत्री से चिपट गई। PSD ने किसी को भी निराश नहीं किया और सभी को तस्वीर खींचने का मौका दिया।







मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की सौगात देते हुए राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का आधिकारिक शुभारंभ किया। महाविद्यालय के स्थाई भवन और परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने,राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने, बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण, तथा राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। पूर्व में घोषित डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मूल उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। ‘सेवा सेतु अभियान’ इसी संकल्प को साकार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर काटने देने से बचा रही है।
पुष्कर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क संपर्क, पर्यटन, शिक्षा और अवस्थापना सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों से मातृशक्ति का तेजी से सशक्तिकरण हो रहा है।
CM पुष्कर ने कहा कि इस वर्ष 4 धाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला पहला राज्य बना है। इसके साथ ही सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं। अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को मुक्त कराया गया है। पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान,DM प्रशांत आर्य, SP कमलेश उपाध्याय, CDO जय भारत सिंह इस दौरान उपस्थित रहे।



