उत्तराखंडदेशराष्ट्रीय

सचिवालय संघ को CM पुष्कर ने दिलाई शपथ:नीतियों-योजनाओं को आखिरी छोर पर खड़े लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने की जताई उम्मीद

Chetan Gurung

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखण्ड सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी समेत पूरी कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। उनको शुभकामनाएँ देते हुए अपेक्षा जताई कि सरकार की कल्याणकारी और विकास से जुड़ी नीतियों को आखिरी छोर तक खड़े लोगों के बीच पहुंचाने में वे अहम भूमिका निभाएंगे।

सचिवालय संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जोशी के साथ ही  उपाध्यक्ष राकेश जोशी एवं संजय कुमार शर्मा, प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल एवं सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल तथा प्रचार सचिव दीपक बिष्ट ने भी शपथ ली।

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर ने कहा कि उत्तराखण्ड सचिवालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियों का निर्माण होता है। जनकल्याणकारी योजनाओं को दिशा मिलती है। प्रदेश के विकास की रूपरेखा तैयार होती है। सचिवालय में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में महत्वपूर्ण सहभागी है। उनको ये याद रखना होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं को आखिरी छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में सचिवालय परिवार की भूमिका बेहद अहम है। राज्य सरकार ने प्रारंभ से ही शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने का प्रयास किया है। कर्मचारी संगठनों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में कार्य किया गया है। उम्मीद है कि आने वाले समय में उत्तराखण्ड सचिवालय बेहतर कार्य संस्कृति, आपसी समन्वय और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से सुशासन एवं कार्यकुशलता की नई मिसाल स्थापित करेगा।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देवभूमि उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के सरकार के “विकल्प रहित संकल्प” को सिद्धि तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button