
Chetan Gurung
4 धाम यात्रा सीजन का आगाज होते ही DGP दीपम सेठ तथा अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरूगेशन ने आज केदारनाथ एवं बद्रीनाथ धाम पहुँच के यात्रा तैयारियों का करीब से गहन निरीक्षण किया। सुरक्षा बंदोबस्तों और यातायात व्यवस्था की समीक्षा संग आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
DGP दीपम ने साफ लफ्जों में पुलिस को चेताया कि चार धाम यात्रा राज्य की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक गरिमा का प्रतीक है। इसकी प्रत्येक व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-केंद्रित बनाना हम सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। सुबह दीपम ने केदारनाथ धाम पहुंच कर पुलिस अधीक्षक (रुद्रप्रयाग) अक्षय प्रल्हाद कोंडे से यात्रा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी ली।
पुलिस प्रमुख ने धाम परिसर, आस्था पथ, ड्यूटी प्वाइंट्स और टोकन काउंटरों का निरीक्षण किया। इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है। DGP ने टोकन काउंटरों की संख्या बढ़ाने, PA. सिस्टम से निरंतर सूचनाएं प्रसारित करने और टोकन नंबर, स्लॉट व अन्य जानकारियां स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
बद्रीनाथ धाम में पुलिस अधीक्षक (चमोली) सर्वेश पंवार एवं अन्य अधिकारियों के साथ उन्होंने समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों एवं बीमार श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति से समन्वय कर विशेष सहायता व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए।
दोनों धामों में DGP ने पुलिस बल, PAC, SDRF और ITBP जवानों से संवाद कर उनके मनोबल को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, पीएसी, आईआरबी, आईटीबीपी, एसडीआरएफ और अन्य विभाग आपसी समन्वय से श्रद्धालुओं को हर सुविधा और सुरक्षा देने के लिए जुटी हुई हैं।