
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने आज PM नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर हरिपुर कालसी में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास की कई अहम सौगातों-तोहफों की बारिश कर दी। यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण तथा यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास किया। यमुना तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ यमुना आरती की। कालसी में PSD को ले के लोगों में गज़ब का जोश और उत्साह नजर आया।महिलाओं की भी तादाद हैरतनाक ढंग से बेहद अधिक दिखाई दी। उनमें सरकार के मुखिया के साथ तस्वीर खिंचवाने को ले के भी बेहद उत्साह झलक रहा था।







मुख्यमंत्री पुष्कर ने साधु-संतों एवं बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ यमुना आरती की। श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत इस आयोजन से कालसी का यमुना तट आध्यात्मिक रंग से सजा नजर आया। पुष्कर ने कहा कि कालसी की धरती इतिहास, आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि है। माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और यमुना आरती जैसे आयोजन इस क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान को और मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास कालसी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम एवं यमुना आरती श्रद्धा और आध्यात्मिक भाव के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने भी एक दीया प्रज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। साधु-संतों, श्रद्धालुओं और बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह ने मिल के 2100 दीप जला के यमुना तट को रोशनी से नहा डाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ ही प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य सरकार जौनसार-बावर क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हनोल मास्टर प्लान के लिए ₹150 करोड़ की स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन से जुड़ी अवस्थापना सुविधाओं के विकास और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि लाखामंडल सहित जौनसार क्षेत्र के अन्य ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण और विकास पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का प्रयास केवल तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों के विकास तक सीमित नहीं है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, परिवहन, खान-पान और अन्य स्वरोजगार क्रियाकलापों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
CM PSD ने कहा कि जौनसार-बावर की विशिष्ट लोक संस्कृति, परंपराएं, वास्तुकला और प्राकृतिक सौंदर्य उत्तराखण्ड की अमूल्य धरोहर हैं। इन परंपराओं और विरासत का संरक्षण सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास को नई गति मिली है। चार धाम के साथ ही प्रदेश के विभिन्न पौराणिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी सिलसिले में कालसी, हनोल, लाखामंडल और जौनसार-बावर क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को नई पहचान देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य हो रहा है। इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि उपस्थित रहे।



