उत्तराखंडक्राइमदेशपर्यटनराष्ट्रीय

कानून व व्यवस्था-वन्यजीव मानव संघर्ष-बिजली-पानी पर CM पुष्कर ने कसे अफसर:नैनीताल की समस्याओं का लिया जायजा-दिए कार्रवाई के निर्देश:बिंदुखट्टा बनेगा राजस्व गाँव:जमरानी बांध को तय वक्त पर पूरा करने का आदेश

`ऑपरेशन प्रहार’ को असरदार ढंग से लागू कर हुड़दंग, नशाखोरी व ओवरचार्जिंग पर सख्त कार्रवाई की हिदायत

Chetan Gurung

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस (हल्द्वानी) में नैनीताल के अफसरों संग समीक्षा बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों तथा कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सिंचाई एवं जमरानी बांध परियोजना पर जरूरी और सख्त हिदायतें जारी की।

आयुक्त (कुमाऊं) एवं सचिव (मुख्यमंत्री) दीपक रावत बताया कि आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से पिथौरागढ़ जिला प्रशासन Inner Line जारी करेगा। कैंचीधाम बाईपास को 30 मई तक चालू करने का लक्ष्य है। मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण कार्य भी आगामी 10 दिनों में प्रारंभ कर दिया जाएगा।

CM पुष्कर ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थाई समाधान खोजा जाए। इस बाबत लोगों को जागरूक करने के साथ ही ऐसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं जिससे उन्हें जंगलों में जाने की आवश्यकता कम हो। विभाग के प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय की जाए। आधुनिक तकनीक का उपयोग कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाए जाए। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाए। सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन को सुदृढ़ करने, शटल सेवा एवं वैकल्पिक पार्किंग स्थलों को सक्रिय करने के लिए भी कहा।

मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी एवं ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई,24×7 निगरानी रखने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने तथा पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। जमरानी बांध परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए कुमाऊं आयुक्त एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश भी CM PSD ने दिए। ग्रीष्मकाल एवं मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी विद्युत स्टेशनों में आवश्यक उपकरण एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने,पेयजल संकट से निपटने के लिए व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, SSP डॉ. मंजूनाथ TC, CDO अरविंद पांडेय उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button