
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की आज नई दिल्ली में मुलाक़ात में हरिद्वार शहर में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र से संबंधित लगभग ₹325 करोड़ की परियोजना के लिए Budget मंजूर करने, हरिद्वार कुंभ-2027 से पहले विद्युत लाइनों को Underground तथा प्रणाली के स्वचालन के लिए भी प्रथम चरण में ₹325 करोड़ की धनराशि शीघ्र स्वीकृत करने पर लंबी बातचीत हुई। दूसरे चरण के अंतर्गत शेष लगभग ₹425 करोड़ की धनराशि भी अनुमोदित करने का अनुरोध मुलाक़ात में किया गया।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं शहरी अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक सहयोग प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। क्षेत्रीय यातायात को सुदृढ़ करने के के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) परियोजना को मेरठ से हरिद्वार एवं ऋषिकेश तक विस्तारित करने के साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का भी अनुरोध किया गया।
PSD ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सड़क यातायात पर निर्भरता कम होगी। यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी। पर्यावरणीय दृष्टि से भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखण्ड के प्रमुख तीर्थस्थलों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ते हुए क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन एवं समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगी। केन्द्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री खट्टर ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।



