
Chetan Gurung
Grafest-25 का आगाज आज झमाझम और नए अंदाज में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने रिबन काट के किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस बार का ग्राफेस्ट का मकसद Students के करियर और जिंदगी के लिए कारगर विषयों पर केंद्रित रहेगा।
उन्होंने शिक्षकों व छात्र छात्राओं से अपने सम्बोधन में कहा कि इस साल ग्राफेस्ट का फॉर्मेट बदल गया है। सिर्फ फिल्मी Singers बुलाने के बजाए छात्र-छात्राओं के लिए रोचक तकनीकी व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।वे मनोरंजन के साथ कुछ नया सीखकर अपने कौशल बढ़ा सकें, इस पर उत्सव केन्द्रित रहेगा। साल-1994 में शुरू ग्राफेस्ट का यह 31वां वर्ष है। इस साल 29 देशों के पांच हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं इस 4 दिवसीय आयोजन में शरीक हो रहे हैं।
यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। इसमें देश के साथ ही विदेश के भी Students जोशो-खरोश के साथ शरीक हो रहे हैं। इस वर्ष विजेताओं को 51 लाख के नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। अगले वर्ष यह राशि और बढ़ा दी जाएगी। डॉ. घनशाला ने अपनी सफलता के मंत्र साझा करते हुए छात्र-छात्राओं से Basics Clear रखने पर बल दिया। ग्राफेस्ट के पहले दिन आज, छात्र-छात्राएं सुबह ही विश्वविद्यालय परिसर पहुंचने लगे थे। तकनीकी मुकाबलों में छात्र-छात्राएं कहीं वाटर राकेट उड़ाते दिखे तो कहीं क्राइम सीन की जांच करते दिखे।
ग्राफिक एरा के सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कुरूक्षेत्र में कृष्ण ने अर्जुन को राह दिखाई। यूथ पार्लियामेंट में वे युवा सांसदों की भूमिका निभाते हुए नजर आए। हैकेथॉन, ब्रिज डिजाइनिंग, क्विज, रिवर्स शार्कटैंक, कुकिंग, ओरीगैमी, पेट्री प्लेट आर्ट, वैलोरैंट, बीजीएमआई गेम सरीखी रोमांचक प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन भी किया गया। विभिन्न स्टाल्स व प्रदर्शनियां लगाई गईं।
तकनीक, रचनात्मकता व उत्साह के इस उत्सव में विभिन्न संस्कृतियों की झलक दिखाई दी। टीम देवभूमि, टीम अग्नि प्रवाह, टीम त्रियुगी, प्रतिभा, परि, इशिता गुरुंग, विसल सिंह के लोक नृत्य, टीम इंक्रेडिबल्स, टीम त्रिशक्ति, निखिल, रिधि बत्रा, आशीष शर्मा, प्राप्ति चतुर्वेदी के वेस्टर्न नृत्य, टीम मोरपंख, टीम केदारखंड, टीम मोक्ष, अनमोल त्यागी, कसक प्रसाद के लोक गीत, कृतिका कुंडलिया, वृंदा, लावन्या रौथाण व रिया कांडपाल के वेस्टर्न गीतों ने खूब तालियां बटोरी।
डीजे बक फ़्लैश ने छात्र- छात्राओं को अपनी धुनों पर देर रात तक नचाया व झुमाया। आखिरी दिन मशहूर बॉलीवुड सिंगर अमित त्रिवेदी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। ग्राफेस्ट के उद्घाटन समारोह में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. राकेश कुमार शर्मा, दोनों विश्वविद्यालयों के पदाधिकारी, शिक्षक- शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।