उत्तराखंडदेशराष्ट्रीय

Fake News बड़ी चुनौती:पत्रकार पेंशन राशि में इजाफा-CM पुष्कर ने UPC दिवाली महोत्सव में किए ऐलान:तहसील,जिला-राज्य स्तर पर मान्यता पत्रकारों की तादाद में होगा इजाफा

Chetan Gurung

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव में ऐलान किया कि तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने के साथ ही पत्रकार पेंशन राशि में इजाफा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ ही समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देते हैं। अवाम की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने का अहम कार्य करते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की सक्रिय और रचनात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों के जरिये सरकार और प्रशासन को यह समझने में सहायता मिलती है कि विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का धरातल पर क्या प्रभाव पड़ रहा है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में सहायक होते हैं। वर्तमान में सूचना और संचार के माध्यमों में तेजी से बदलाव आया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और नई तकनीकों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं पैदा की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि Fake News और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि कर सही, सटीक और निष्पक्ष जानकारी जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा संबंधी हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है। पत्रकार पेंशन में पूर्व में भी वृद्धि की गई है। पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि ₹5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर ₹10 करोड़ की गई है। सरकार का प्रयास है कि पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पत्रकारों के कल्याण और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकार आगे भी सकारात्मक कदम उठाती रहेगी। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में पत्रकारों के सुझाव और रचनात्मक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर पत्रकारों का सहयोग आगे भी इसी प्रकार मिलता रहेगा। इस अवसर पर मंत्री खजान दास, महानिदेशक (सूचना) बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button