
Chetan Gurung
चम्पावत:CM पुष्कर सिंह धामी ने आज चम्पावत और बनबसा को तोहफों से नवाज डाला। नए बने सर्किट सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने जनपद में लगभग ₹96 करोड़ की लागत की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।



उन्होंने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। इसके लिए आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। चम्पावत में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाया जा रहा है। जनपद में बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन ISBT से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा।



पुष्कर ने कहा कि लोहाघाट में लगभग ₹256.97 करोड़ की लागत से बनने वाला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) का निर्माण किया जा रहा है। ₹20 करोड़ की लागत से 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक और मां पूर्णागिरि धाम व शारदा कॉरिडोर से जुड़े कार्यों से क्षेत्र का विकास होगा।धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसमें CSR के तहत ₹150.20 लाख की लागत से बनने वाला बैडमिंटन हॉल भी शामिल है। NHPC टनकपुर पावर स्टेशन से वन प्रभाग हल्द्वानी और चम्पावत को मिले तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
—
–नशे के खिलाफ संदेश देने `पुष्कर’ ने भी लगाई दौड़–
मुख्यमंत्री पुष्कर ने बनबसा में नशामुक्त देवभूमि उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित ‘नशामुक्ति सद्भावना दौड़’ में खुद भी शिरकत की और लोगों का हौसला बढ़ाने के साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। पाटनी तिराहे पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर लगभग 11 फीट ऊंची भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया। सुंदरकांड पाठ में सम्मिलित हुए। पाटनी तिराहे का नाम ‘हनुमान चौक’ किए जाने की घोषणा की।


CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के साथ ही युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने और प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तराखण्ड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि और सैन्यभूमि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देश की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों एकड़ भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है। देश के सबसे सख्त नकल-विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। इसके परिणामस्वरूप अब तक प्रदेश के 33,000 से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।
पुष्कर ने श्रद्धालुओं एवं लोगों के बीच अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। लोगों से अपनेपन के साथ संवाद किया। उनका हालचाल जाना और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर DM मनीष कुमार, SP रेखा यादव, CDO अजय सिंह, SDM-पूर्णागिरि प्रमोद कुमार उपस्थित रहे।



