
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल के भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक सालाना जलसे ‘Spectrom-2026’ का आगाज अपने हाथों से करने के साथ ही संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने यकीन जताया की इस आयोजन तथा नव-निर्मित भवन से संस्थान के छात्र-छात्राओं को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने रामगढ़, धारी व ओखलकाण्डा में किसानों के लिए मंडी निर्माण,ककोड़ व दाड़िम में मिनी स्टेडियम ,लेटीबुंगा व सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज के निर्माण का ऐलान किया।




मुख्यमंत्री पुष्कर ने पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत डॉ.APJ अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और उचित दिशा देने की है। संस्थान की स्थापना के समय पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी ने जो उम्मीदें इससे की थीं, उसके अनुरूप वह दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का कार्य निरंतर कर रहा है। छात्र-छात्राओं के हाथों तैयार मॉडल को भी उन्होंने देखा।
PSD ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को सशक्त बनाने के लिए स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना, अटल इनोवेशन मिशन और पीएम युवा योजना संचालित की जा रही हैं। जो युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बना रही हैं। राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘शेवनिंग उत्तराखंड छात्रवृत्ति’ के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।
CM पुष्कर ने कहा कि उन्होंने बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन प्रयोगशाला की स्थापना, कंप्यूटर विभाग के उन्नयन तथा ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए 50-50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। कार्यक्रम में मंत्री राम सिंह कैड़ा, DM ललित मोहन रयाल,SSP डॉ. मंजूनाथ TC, CDO अरविंद पांडेय उपस्थित रहे।



