कुम्भ मेला तैयारियों में लापरवाही-देरी पड़ेगी भारी:CS आनंदबर्द्धन ने दी अफसरों को चेतावनी:तय समय सीमा में कार्यों को अंजाम देने की हिदायत:अफसरों-संतों-आश्रमों-Stake Holders संग भी बैठक:सहयोग की जताई दरकार

Chetan Gurung
Chief Secretary आनंदबर्द्धन ने आज हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जायजा हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में तमाम अफसरों के साथ लिया और अब तक की मेले से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुझाव एवं सहयोग पर विचार-विमर्श भी किया।


CS आनंदबर्द्धन (दाएँ) ने सचिव शहरी विकास नितेश झा के साथ कुम्भ मेले पर बैठक ली
—————–
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि कुंभ मेला का दिव्य एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। सीवर लाइन निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने खोदी गई सड़कों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। अपर रोड का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करने तथा शेष कार्य 30 जून तक समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
सीवर कार्यों की दैनिक निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी, अपर मेलाधिकारी एवं परियोजना प्रबंधक की समिति को ज़िम्मेदारी सौंपी। मुख्य सचिव ने कहा कि जिलाधिकारी (हरिद्वार) मयूर दीक्षित अपर रोड को सही करने के संबंध में निरीक्षण कर 10 अप्रैल तक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। ये सुनिश्चित भी किया जाए कि किसी भी स्थिति में गंदा पानी या सीवर गंगा में न जाने पाए। उन्होंने सभी नालों को सीवर लाइन से जोड़ने तथा आज ही निरीक्षण कर वीडियोग्राफी सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए ।
आनंदबर्द्धन ने कुकिंग गैस की समस्या के समाधान के लिए PNG कनेक्शन वितरण के शिविर आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी आश्रमों, धर्मशालाओं, होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से एक सप्ताह के भीतर आवेदन लिए जाएँ। Underground विद्युत लाइनों में खराबी आने पर त्वरित सुधार करने, खंभों को हटाने तथा वितरण बॉक्स को उपयुक्त स्थानों पर स्थापित करने के भी निर्देश दिए।
CS ने घाटों की सुरक्षा एवं रख-रखाव के लिए प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करने,नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं CCTV कैमरों की स्थापना पर बल दिया। मनसा देवी मंदिर एवं चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने तथा इसकी अवस्थापना सुविधाओं को उपयोग में लाने के निर्देश दिए। 15 दिनों के भीतर तीन मेगावाट विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं नई लाइन के निर्माण की हिदायत दी।
मुख्य सचिव ने कुंभ मेला-2027 के लिए प्रस्तावित ट्रैफिक एवं पार्किंग योजना पर सभी हितधारकों से सुझाव लेने तथा मंडलायुक्त स्तर पर अंतिम रूप देकर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि अब तक 36 स्थाई एवं 19 अस्थाई कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। 32 सेक्टरों का विस्तृत सेक्टर प्लान तैयार किया गया है।
बैठक में सचिव (शहरी विकास) नितेश झा, आयुक्त (गढ़वाल मंडल) विनय शंकर पांडे, IG (गढ़वाल) राजीव स्वरूप, DM मयूर दीक्षित, SSP नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार सिंह, CDO ललित नारायण मिश्रा, ADM दयानंद सरस्वती उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने श्री गंगा सभा, व्यापार मंडल, आश्रम-होटल-धर्मशाला संचालकों, टैक्सी एवं ऑटो यूनियन तथा सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कुंभ मेला व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।



