
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज परेड ग्राउंड में राज्य जनजातीय शोध संस्थान के राज्य जनजातीय महोत्सव-2026 में शरीक होते हुए देश के 12 राज्यों से आए जनजातीय वर्ग के प्रतिनिधियों और अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों-परंपराओं का नजारा भरपूर लिया।




मुख्यमंत्री ने थारू लोक गायिका स्वर्गीय रिंकू देवी राणा एवं दर्शन लाल को ‘आदि गौरव सम्मान’ प्रदान किया। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के अंतर्गत 14,272.185 लाख रुपये की पेंशन ‘वन क्लिक’ के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।

पुष्कर ने कहा कि यह आयोजन केवल एक महोत्सव नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की जीवंत विरासत, सादगीपूर्ण जीवन-दर्शन और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। यह मंच जनजातीय भाई-बहनों की पीढ़ियों से संजोई गई लोक परंपराओं और संस्कृति को व्यापक पहचान दिला रहा है। वर्तमान समय में आवश्यकता है कि जनजातीय परंपराओं, पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय उत्पादों को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री के आदेश पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय ऐतिहासिक है। यह गर्व का विषय है कि संथाल समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन हैं। पुष्कर ने कहा कि जनजातीय कल्याण के बजट में तीन गुना वृद्धि की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी इसी दिशा में कार्य करते हुए जनजातीय समाज के जीवन स्तर को सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि जनजातीय युवाओं के लिए आईटीआई संस्थान, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, तथा मासिक छात्रवृत्ति की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 9 लाख से अधिक लाभार्थियों को मार्च माह की पेंशन के रूप में 142 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है।
PSD ने कहा कि जनजातीय युवाओं को UKSSSC,UPSC,PCS और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए देहरादून में ‘आदि लक्ष्य संस्थान’ स्थापित किया जा रहा है। इस अवसर पर मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, अपर सचिव संजय सिंह टोलिया भी उपस्थित रहे।



