
Chetan Gurung
कानून और व्यवस्था पर शनिवार को FTI Auditorium में CM पुष्कर सिंह धामी ने सख्त तेवर दिखाए और हाथों-हाथ नैनीताल जिले के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा कर डाली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं समन्वय के साथ पूरे किए जाएं। मानव-वन्यजीव संघर्ष पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जाए। इसके लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग पर बल दिया।

उन्होंने कानून और व्यवस्था को सरकार की शीर्ष प्राथमिकता करार दिया और प्रशासन-पुलिस को आपसी समन्वय के साथ इसका अनुपालन सुनिश्चित करने और लोगों में सुरक्षा का भाव जगाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार कोई भी लिहाज लापरवाह और कानून-व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अफसर के प्रति नहीं करेगी।
उन्होंने जंगल में सभी संवेदनशील स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाने, सोलर फेंसिंग,तार बाड़ प्रणाली को मजबूत करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जंगल की आग की रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री ने फायर लाइन (अग्निरोधक खाइयों) को दुरुस्त रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, रेंजवार मॉनिटरिंग करने और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अफसरों को आगाह किया कि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग आपसी जिम्मेदारियों को एक-दूसरे पर न डालें। मिल जुल के कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रानीबाग स्थित बंद पड़ी HMT फैक्ट्री की भूमि पर सरकार IT Hub विकसित करने की योजना पर कार्यवाही चल रही है। इससे क्षेत्र में रोजगार सृजन एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। MP अजय भट्ट ने वन क्षेत्रों में Watchers की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया। सचिव/मण्डल के आयुक्त दीपक रावत,DM ललित मोहन रयाल ने अपनी रिपोर्ट दी।
वन संरक्षक CS जोशी ने बताया कि पनियाली क्षेत्र में कैमरों में लैपर्ड नहीं, बल्कि बाघ की पहचान हुई है। उसको गिरफ्त में लेने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जा रही है। SSP मंजूनाथ TC और अन्य अफसर बैठक में मौजूद थे।
—
Multi Super Speciality Hospital का उद्घाटन


हल्द्वानी में PSP Multi Super Speciality Hospital and Research Centre का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री ने किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर रही है। अल्मोड़ा और हरिद्वार में नए मेडिकल कॉलेजों की शुरुआत की गई है। प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना आमजन के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच के रूप में प्रभावी सिद्ध हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल “पद्मभूषण” Bhagat Singh Koshyari, सांसद Ajay Bhatt, विधायक Ram Singh Kaira, Sarita Arya,Dr Mohan Singh Bisht,Suresh Garia भी इस मौके पर मौजूद रहे।



