4 धाम यात्रा सुकूनदेह-सुरक्षित-व्यवस्थित-तकनीक सक्षम बनाए जाने की हिदायत:CS आनंदबर्द्धन की महकमों-अफसरों को समीक्षा बैठक में सख्त ताकीद

Chetan Gurung
Chief Secretary आनंदबर्द्धन ने 4 धाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे सौंपे गए दायित्वों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से खत्म करें। बैठक में स्वास्थ्य, विद्युत और आपदा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।

मुख्य सचिव ने सचिव (Health) सचिन कुर्वे को केदारनाथ–बद्रीनाथ रूट पर सभी चिकित्सालयों को पूरी तरह Activate करने,ऊर्जा विभाग को निर्बाध एवं संतुलित वोल्टेज की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा। आपदा प्रबंधन एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक जाम, भीड़ या किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना यात्रियों को व्हाट्सएप अलर्ट के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
AB ने किसी आपात स्थिति में यात्रा रोकने की दशा में अवधि एवं स्थान निर्धारण का दायित्व आयुक्त (गढ़वाल मंडल) विनय शंकर पांडे को सौंपा। बैठक में यात्रा मार्ग पर आवश्यक मशीनों, उपकरणों और टूल्स की अग्रिम प्रपोजिशनिंग तथा परिसंपत्तियों (एसेट्स) की मैपिंग करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर उनका त्वरित उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। पशुपालन विभाग को यात्रा मार्ग पर पशुधन के पंजीकरण, उपचार एवं कैजुअल्टी की स्थिति में उनके ईलाज के निर्देश दिए गए।
CS ने निर्देश दिए कि प्रमुख स्थलों पर QR कोड अंकित किए जाएं। उसके माध्यम से यात्रियों को संबंधित स्थान एवं आसपास की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकेगी। सभी मुख्य बिंदुओं पर स्पष्ट साइनेज लगाने और यात्रा संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी चमोली, रुद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी को स्थानीय स्तर पर सभी विभागों, एजेंसियों एवं स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने की हिदायत दी। भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) के लिए सुदृढ़ और व्यावहारिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव RK सुधांशु, ADGP डॉ V मुरुगेशन, सचिव रणबीर सिंह, धिराज सिंह गर्ब्याल,ब्रजेश संत, विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव (मुख्यमंत्री) बंशीधर तिवारी सहित तमाम अहम जिम्मेदारियों को संभाल रहे अफसर बैठक में उपस्थित थे।



