
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को फिर दोहराया कि उनकी सरकार लोगों की भावनाओं के मुताबिक विकास के लिए कार्य करती रहेगी। पिछले चार सालों में लिए गए सरकार के ऐतिहासिक फैसले इसकी मिसाल हैं। देवभूमि की डेमोग्राफी को हरगिज नहीं बदलने देंगे लेकिन सबका साथ और और सबके विश्वास से देवभूमि का विकास करते रहेंगे।




उन्होंने मालसी में एक आयोजन में कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू करने के साथ ही मदरसा बोर्ड को खत्म करने का अभूतपूर्व कदम उठाया। सनातन की पुण्यभूमि उत्तराखंड को हर तरह से सुरक्षित रखने का प्रयास किया है। सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू करने के साथ ही धार्मिक स्थलों के नाम पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
CM PSD ने कहा कि साल-2022 के विधानसभा चुनाव से पहले हमने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात कही थी। UCC लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है। साल-2027 में हरिद्वार में भव्य एवं दिव्य कुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस सबंध में वह स्वयं 10 से अधिक बैठक कर चुके हैं। केन्द्र सरकार की ओर से इसके लिए 500 करोड़ रूपये भी जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास और सबका प्रयास के मंत्र पर कार्य कर रही है। किसी के साथ भेदभाव की भावना से कार्य नहीं किए जा रहे हैं। छद्म तरीकों से देवभूमि की डेमोग्राफी बदलने का प्रयास करने वालों पर भी सरकार सख्ती से कार्रवाई कर रही है। नई खनन नीति बनने के बाद से उत्तराखण्ड में पिछले 2 सालों में हर साल 1200 करोड़ रूपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। पहले ये 400 करोड़ रूपये तक रहता था।
उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट सुधारों के लिए केन्द्र सरकार ने राज्य को लगातार दो साल विशेष सहायता योजना के तहत 100-100 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी है। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए उनके हाथों उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किए गए। इस आयोजन में मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजानदास भी उपस्थित थे।



