
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना को आज शुरू करने के साथ ही पहले दौर में 484 लाभार्थियों (बागेश्वर-42, देहरादून-191, नैनीताल-75, पौड़ी-66, टिहरी-23 एवं उधमसिंहनगर-87) को प्रथम किश्त के रूप में ₹ 3 करोड़ 45 लाख 34,500 रुपये DBT के जरिये सौंप दिए। उन्होंने विभागीय कैलेंडर का भी विमोचन किया।






मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और कल्याण मंत्री रेखा आर्य उनके साथ थीं। मुख्यमंत्री पुष्कर ने इस मौके पर कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक शक्ति हासिल होगी। उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्राप्त होगी। महिला के सशक्त होने से परिवार सहित पूरा समाज सशक्त होता है।
उन्होंने कहा कि शेष 7 जनपदों की 540 महिलाओं को भी लगभग ₹ 4 करोड़ रुपये महीने के अंत तक DBT के माध्यम से भेजे जाएंगे। इस योजना में विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा या किसी भी कारण से अकेले जीवन का भार उठाने वाली महिलाओं के साथ एसिड अटैक, आपराधिक घटना की पीड़िता, ट्रांसजेंडर्स को शामिल किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए निरन्तर कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार की कोशिशों के चलते शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता, नौकरियों में प्रदेश की महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। विभिन्न योजनाओं के बूते राज्य की मातृशक्ति को नए अवसर प्रदान किए जा रहें हैं। महिला समूहों के निर्मित उत्पादों को एक ब्रांड के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
CM पुष्कर ने कहा कि प्रदेश की 1 लाख 68 हजार से अधिक बहनों ने लखपति दीदी’ बनकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया इतिहास रचा है। राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण लागू किया है। मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि अब महिलाएं किसी पर निर्भर न रह कर खुद आत्मनिर्भर बनेंगी। अन्य लोगों को भी रोजगार से जोड़ेगी।
सचिव चंद्रेश यादव ने बताया कि योजना के अंतर्गत अधिकतम धनराशि ₹ 2.00 लाख तक के कार्य/परियोजना मंजूर किए जा रहे हैं। इस अवसर पर निदेशक BL राणा भी मौजूद रहे।



