
Chetan Gurung
हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में भारत माता मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की मूर्ति का आज अनावरण किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भौगोलिक सरहदों के साथ ही राष्ट्र की सांस्कृतिक जड़ों की भी सुरक्षा जरूरी है।



रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं ने स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि के समाधि मंदिर स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


Airport पर CM पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,केन्द्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर और UP के CM योगी आदित्यनाथ का गुलदस्ते से स्वागत किया
—————-
3 दिवसीय इस भव्य आयोजन में देशभर से संत-महात्मा, धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनीतिक नेतृत्व उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र चेतना, सनातन संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा तथा मानव सेवा जैसे विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। केन्द्रीय मंत्री राजनाथ ने गंगा तट पर आयोजित समारोह में कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि भले ही शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, किंतु उनकी साधना, विचार और जीवन दर्शन आज भी समाज को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी सांस्कृतिक जड़ों की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। संस्कृति कमजोर होती है तो राष्ट्र भी कमजोर हो जाता है। सनातन संस्कृति, अद्वैत वेदांत, भक्ति परंपरा और गुरु-शिष्य संवाद भारत की आत्मा है। आधुनिकता और संस्कृति एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। तकनीकी ज्ञान के साथ संस्कार जुड़ जाएं तो राष्ट्र को कोई भी कमजोर नहीं कर सकता।
CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गुरुदेव सत्यमित्रानंद गिरि ने आध्यात्मिक साधना को समाज सेवा से जोड़कर एक विशिष्ट जीवन दर्शन प्रस्तुत किया। भारत माता मंदिर की स्थापना के माध्यम से उन्होंने राष्ट्र प्रेम और सांस्कृतिक गौरव को मूर्त रूप दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति और विरासत को वैश्विक पहचान मिल रही है। उत्तराखंड विकास और विरासत के संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि को सनातन परंपरा का सशक्त ध्वजवाहक करार दिया। हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारत माता मंदिर की स्थापना एक दूरदर्शी राष्ट्र मंदिर की अवधारणा के साथ की गई थी। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण,केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी सम्बोधन किया। कार्यक्रम में कार्ष्णि पीठाधीश्वर स्वामी गुरु शरणानंद, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, गणेश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल भी मौजूद थे।



