
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऐतिहासिक देहरादून नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस समारोह में देहरादून महानगर के लिए 46 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राजधानी की Traffic और Parking की समस्या को दूर किया जाएगा।



मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 27 वर्षों में देहरादून नगर निगम ने नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियाँ हासिल करते हुए, देहरादून को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश में अनेकों परियोजनाओं के माध्यम से शहरी क्षेत्रों के विकास को नई दिशा प्रदान की जा रही है।


CM पुष्कर ने कहा कि PM के मार्गदर्शन में राज्य सरकार देहरादून को Modern-Developed City बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार इसकी खातिर 14 सौ करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। शहर में 35 पार्कों का निर्माण भी कराया गया है।
उन्होंने कहा कि शहर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। निजी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 11 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण भी किया गया है। देहरादून में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या के स्थाई समाधान के लिए सरकार कोशिश कर रही है। अलग-अलग स्थानों पर भूमिगत पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना भी तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री ने उतकृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के कार्मिकों को भी पुरस्कृत किया।
Mayor सौरभ थपलियाल ने कहा कि देहरादून को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम से कराए जा रहे विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। समारोह में मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, Municipal Commissioner नमामि बंसल भी मौजूद थे।



