
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को हल्द्वानी में भी हरिद्वार के बाद किसानों ने गन्ना मूल्य में पड़ोसी राज्यों में सबसे अधिक गन्ना मूल्य देने के लिए स्वागत-अभिनंदन करते हुए फूलों की मालाओं से लाद दिया और उनका आभार जताया।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने मुख्यमंत्री धामी को गन्ना, तथा पर्वतीय क्षेत्रों की पारंपरिक कृषि उपज—गडेरी, माल्टा, अदरक और शहद से भरी विशेष टोकरी—भेंट की। नेगी ने कहा कि गन्ने के समर्थन मूल्य में की गई 30 रूपये प्रति कुंतल की वृद्धि से प्रदेश के लगभग 3 लाख गन्ना किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। अब शीघ्र प्रजाति वाले गन्ने का समर्थन मूल्य ₹375 से बढ़कर ₹405 प्रति क्विंटल हो गया है। सामान्य प्रजाति वाले गन्ने का समर्थन मूल्य ₹365 से बढ़कर ₹395 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।


मुख्यमंत्री पुष्कर ने कहा कि किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने वालों में राज्य किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट भी शामिल रहे।
—
–किसान अन्नदाता-सरकार उसके हर कदम पर साथ–
गोविंद वल्लभ पंत कृषि विवि की कृषि गोष्ठी में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान अन्नदाता हैं और सरकार हर कदम पर उनके साथ है। रीप परियोजना के तहत महिलाओं को ई-रिक्शा और किसानों को अनुदान दिया। उत्तराखंड राज्य स्थापना रजत जयंती के अवसर पर विवि की तरफ से लोहिया हेड मैदान में आयोजित गोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय, कृषि विभाग तथा विभिन्न संस्थानों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।
इस मौके पर कृषि गोष्ठी में मुख्यमंत्री पुष्कर ने कहा कि अन्नदाता किसान मजबूत होगा तो देश और प्रदेश दोनों प्रगतिशील एवं सम्पन्न बनेंगे। राज्य सरकार किसानों और सैनिकों की सरकार है। किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। किसानों को ₹49,750/- की अनुदान राशि के चेक और 1000 किसानों के लिए निर्धारित कृषक किटों में से 5 किट सांकेतिक रूप से वितरित की गईं।
महापौर दीपक बाली, खटीमा नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, DM नितिन सिंह भदौरिया भी इस मौके पर उपस्थित थे।
—
–दिव्याङ्ग समाज के दिव्य अंग-CM–
CM PSD ने विश्व दिव्यांग दिवस पर हल्द्वानी में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार समारोह में दिव्यांगजनों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग समाज के दिव्य-अंग हैं।’



समाज कल्याण विभाग की तरफ से MBPG College Auditorium में मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि, मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं मानपत्र प्रदान किए। देहरादून में ₹905.13 लाख की लागत से बनने वाले आयुक्त दिव्यांगजन उत्तराखण्ड, उत्तराखण्ड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड तथा समाज कल्याण IT Cell के बहुउद्देशीय कार्यालय भवन का शिलान्यास तथा प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र, नैनीताल (एलिम्को) का लोकार्पण भी किया गया।
उन्होंने कहा कि “दिव्यांगता शरीर में हो सकती है, लेकिन सपनों में नहीं”, और आज हमारे दिव्यांग भाई-बहन प्रत्येक क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हाल ही में भारत की दिव्यांग महिला क्रिकेट टीम की कोलंबो में टी-20 ब्लाइंड वूमेन वर्ल्ड कप-2025 विजय को गौरवशाली पल करार दिया।
PSD ने कहा कि आज केन्द्र और राज्य सरकार दिव्यांगजनों को समान अवसर और गरिमामय जीवन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नए भवनों, अस्पतालों व बस अड्डों के निर्माण में दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्थाएँ अनिवार्य की गई हैं। कई पुराने भवनों में भी सुगम्यता हेतु आवश्यक परिवर्तन किए गए हैं। “कॉमन साइन लैंग्वेज” के प्रसार और दिव्यांगजन हितैषी स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहन भी सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों को ₹1500 मासिक पेंशन, दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों को ₹700 मासिक भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली विशेष दिव्यांग पेंशन योजना व बौना पेंशन योजना के तहत ₹1200 मासिक पेंशन दे रही है। सरकारी नौकरियों में दिव्यांगजनों के लिए क्षैतिज आरक्षण 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत किया गया है। दिव्यांग से विवाह करने पर ₹50,000 प्रोत्साहन राशि दी जा रही।
मुख्यमंत्री के हाथों 41 प्रतिभाशाली दिव्यांगजनों को ₹8000 की पुरस्कार राशि, मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं मानपत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने सभी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका मनोबल भी बढ़ाया।
जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर गजराज बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्या, राम सिंह कैड़ा, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, सचिव, समाज कल्याण श्रीधर बाबू अदांगी, IG रिद्धिम अग्रवाल,DM ललित मोहन रयाल, SSP डॉ. मंजूनाथ TC भी इस दौरान उपस्थित रहे।



