
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी लोकपर्व इगास के अवसर पर आज रुद्रप्रयाग के तहसील वसुकेदार के ग्राम भौंर के आपदा प्रभावित परिवारों से मिले और उनके साथ भोजन करने के साथ ही उनको आश्वस्त किया कि सरकार उनके और ध्वस्त क्षेत्र के विकास-मदद में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने आपदा में ध्वस्त छेनागाड़ बाजार को फिर बनाने का ऐलान करने के साथ मृतक के परिवार को 5-5 लाख रूपये की आर्थिक मदद भी दी। बुजुर्ग महिलाएँ मुख्यमंत्री को अपने करीब इस कदर अपनत्व भाव से देख के खुद को रोक नहीं पाईं।कुछ बिलख पड़ीं और कुछ ने उनके सिर पर हाथ रख के आशीर्वाद दिया। किसी ने अपने हाथों से उनको भोजन के दौरान कौर खिलाया।



मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान जान-माल की क्षति उठाने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक कुलदीप सिंह नेगी एवं सते सिंह के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में पांच-पांच लाख रुपये के चेक प्रदान किए। ग्राम भौंर में आपदा प्रभावितों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके अनुभवों और समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत सहायता प्रदान की जाए। पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। वह परिवारों के साथ जमीन पर बैठे और उनकी तकलीफ़ों को सुनने के बाद उनका जल्द से जल्द हल करने का वादा किया।
CM पुष्कर ने आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड आपदा-संवेदनशील राज्य है। सरकार ने आपदा प्रबंधन को सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। आपदा प्रभावित इस क्षेत्र में आपातकालीन परिस्थितियों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए इस क्षेत्र में स्थाई हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग पर ग्राम भौंर में उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण, इस ग्राम तक दोपहिया मोटर सड़क निर्माण करने के लिए एक करोड़ रुपये देने,छेनागाड़ में आपदा के दौरान जिन लोगों ने अपने आवास खोए है उनके विस्थापन करने की योजना बनाने और जिन लोगों के वाहन आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए, उनको भी मुआवजा देने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत मौजूद थे।



