
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गुप्तकाशी में सीमांत क्षेत्रों में सुविधाओं और सेवाओं के विस्तार के लिए सीमांत क्षेत्र विकास परिषद के गठन का ऐलान करते हुए कहा कि सीमांत इलाकों में आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने वाले नवाचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे।



मुख्यमंत्री पुष्कर ने उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के चतुर्थ सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव के राज्य स्तरीय आयोजन का दीप प्रज्ज्वलित उद्घाटन किया। बाल वैज्ञानिकों के साथ उन्होंने जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक जल संसाधन एवं संरक्षण, आपदा प्रबंधन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा ऊर्जा संरक्षण विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भव्य आयोजन से सीमांत जनपदों के प्रतिभावान बाल वैज्ञानिकों को नई दिशा और अवसर प्राप्त होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत नवाचार, अनुसंधान और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। देहरादून में देश की पाँचवीं साइंस सिटी बनने जा रही है। उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए ये बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जनता को पारदर्शी और प्रभावी सेवाएँ मिलें, इसके लिए अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।


CM PSD के सवालों का जवाब देती छात्राएँ
———
CM PSD ने रूद्रप्रयाग में आपदा प्रबंधन केंद्र के निर्माण के लिए जिलाधिकारी को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। PMश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बणसू जाखधार में विभिन्न कार्यों के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, सीमांत क्षेत्र के उद्यमी इंद्र सिंह रावत और सीमांत सेवा फाउंडेशन के डॉ. पाटनी को सम्मानित करने के साथ ही यूकॉस्ट की रुद्रप्रयाग डैशबोर्ड पुस्तक का विमोचन भी PSD ने किया।
इस GIS आधारित रिमोट सिस्टम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़ी सूचनाएँ एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। बाल विज्ञान महोत्सव की थीम – जलवायु परिवर्तन अनुकूलन रणनीतियाँ तथा आपदा जोखिम प्रबंधन एकीकरण है। कार्यक्रम में विधायक (केदारनाथ) आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, उपाध्यक्ष (महिला बाल विकास) ऐश्वर्या रावत, महानिदेशक (यूकॉस्ट) प्रो. दुर्गेश पंत, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत उपस्थित रहे।



