
Chetan Gurung
बागेश्वर के आसमानी आफत के मारे पौंसरी इलाके के ग्रामीणों के बीच पहुँच के CM पुष्कर सिंह धामी ने उनकी दिक्कतों को पूछा और सरकार से हर मदद का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावितों के साथ खड़ी है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी में आपदा प्रभावित ग्रामीणों से उनकी समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी आशीष भटगांई से प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को अतिवृष्टि से पौंसरी के खाईजर तोक में 5 मकान मलबे में दब गए। वहां रहने वाले 6 में से 5 मलबे में दब गए। 1 व्यक्ति सुरक्षित मिला। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं। 2 की खोज में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर टीम, ड्रोन, डॉग स्क्वाड और विक्टिम लोकेटिंग कैमरे की मदद से अभियान जारी है।
DM ने बताया कि प्रभावितों को राहत राशि वितरित कर दी गई है। सभी आवश्यक सेवाएं सुचारू कर दी गई हैं। CM ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में नुकसान का आकलन कर पुनर्वास प्रक्रिया को गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पिटकुल के 132 केवी सब स्टेशन को दुरुस्त करने के लिए 52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस अवसर पर विधायक सुरेश गढ़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या,SP चंद्रशेखर घोड़के, DFO आदित्य रत्ना, CDO RC तिवारी, अपर जिलाधिकारी NS नबियाल उपस्थित रहे।