
Chetan Gurung
बारिश के मौसम के निर्मम और कातिलाना रुख तथा लगातार Red-Orange Alerts को देखते हुए सरकार की रोक के बावजूद किसी तरह बहानेबाजी कर सोनप्रयाग तक जा पहुंचे केदारनाथ यात्री और आगे न जाने पर पुलिस से उलझ गए। उनको रोकने के लिए बैरीकेड्स लगा दिए गए हैं। इसके बावजूद वे जिद और ज़ोर जबर्दस्ती कर आगे जाने की कोशिश कर रहे हैं।
बारिश के खौफनाक तेवरों को देखते हुए 12 अगस्त से 3 दिनों के लिए केदारनाथ धाम यात्रा बन्द की हुई है। केदारनाथ धाम की यात्रा पर आ रहे यात्रियों को पुलिस चौकी जवाड़ी से आगे न जाने देने के आदेश हैं। किसी न किसी प्रकार का बहाना बनाकर सोनप्रयाग तक पहुंचे यात्रियों को भी सोनप्रयाग से बिल्कुल भी आगे न जाने आग्रह किया जा रहा है।
पुलिस ने सोनप्रयाग पर बैरिकेडिंग भी लगाई है। कुछ यात्रियों ने इसके बावजूद पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए बैरियर तोड़कर आगे जाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस और यात्रियों के मध्य नोंक-झोंक का वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक (रुद्रप्रयाग) अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि प्रशासन के स्तर से 3 दिनों के लिए यात्रा बन्द की गई है। केदारघाटी में हो रही अत्यधिक बारिश व कोहरे के कारण सम्पूर्ण मार्ग में काफी दिक्कतें आने के चलते ये फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस के स्तर से केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत जगह-जगह रोका जा रहा है। फिर भी कुछ यात्री बस, स्थानीय स्तर पर चलने वाली मैक्स में बैठकर चोरी छिपे सोनप्रयाग तक पहुंच रहे हैं। आज सुबह भी करीबन 100-150 यात्री इस प्रकार से सोनप्रयाग पहुंच गए थे। रोके जाने पर उन्होंने सोनप्रयाग में पुलिस के साथ नोंक-झोक कर आगे जाने का प्रयास किया। पुलिस ने इनको रोकते हुए जाने नहीं दिया गया है। इस मामले में किसी के साथ कोई घटना नहीं हुई है। यात्रा पूरी तरीके से बन्द है। मौसम खुलने पर केदारनाथ पहुंचे यात्रियों को सुरक्षित वापस लौटाया जाएगा।