
Chetan Gurung
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लगभग ₹20.55 करोड़ की लागत वाली 5 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹20.21 करोड़ की लागत वाली 3 योजनाओं का शिलान्यास और ₹34 लाख की लागत वाली 2 योजनाओं का भी लोकार्पण किया।



कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की और स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है। यहां नई शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं के विकसित होने से विद्यार्थियों को बेहतरीन शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाला प्रत्येक छात्र एक कुशल चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी या अन्य स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में अपनी सेवाएं देकर देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन करे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उत्तराखंड में वर्तमान में 5 राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। 2 नए कॉलेज निर्माणाधीन हैं।
PSD ने कहा कि 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूलों के जरिए पैरामेडिकल शिक्षा को मजबूत किया जा रहा है। किच्छा (ऊधमसिंह नगर) में लगभग ₹351 करोड़ की लागत से बन रहा एम्स सैटेलाइट सेंटर क्षेत्र की बड़ी आबादी को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। दूरदराज के पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी आधुनिक सेवाएं भी प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं।
पुष्कर ने कहा कि सरकार युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर दिलाने के लिए विदेशी भाषाओं का विशेष प्रशिक्षण दे रही है। इसके तहत जापान और जर्मनी जैसे देशों में कई युवाओं को रोजगार मिल चुका है। उन्होंने इस बाबत जर्मनी में रोजगार प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की सपना राणा का उदाहरण दिया। इस अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. भानु दुग्गल, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, महानिदेशक (यूकॉस्ट) प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक (सूचना) बंशीधर तिवारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, डॉ. संजय गौड़, डॉ. गीता जैन भी उपस्थित रहे।
—


CM पुष्कर ने ऊधम सिंह नगर स्थित अपने निजी आवास नगला तराई व हेलीपैड लोहियाहेड में जनता व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों/समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शिता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत अजय मौर्य, दायित्वधारी रंजीत सिंह नामधारी, संतोष गौरव, फ रजाना बेगम, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, DM नितिन सिंह भदौरिया, ASP अजय गणपति, ADM कौस्तुभ मिश्रा उपस्थित रहे।



