
Chetan Gurung
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बालावाला में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) की 100वें स्थापना दिवस पर आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में कहा कि हिंदू समाज की चेतना, एकता और आत्मगौरव सनातन धर्म के संरक्षण के लिए बेहद आवश्यक है। हिंदू समाज आज जागृत और समर्पित है। अपने धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्र के प्राचीन वैभव को पुनः लौटाने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ संगठित भी हो रहा है।





उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन से जुड़ना उनके लिए गर्व का विषय है। संघ ने 100 वर्षों में देश के सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित कर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन के हृदय में सशक्त रूप से स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है। शिक्षा, कृषि, ग्राम विकास, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी उत्थान, सेवा कार्य, कला और विज्ञान ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहाँ संघ के स्वयंसेवकों ने निस्वार्थ भाव से योगदान न दिया हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा हुआ देश है। यहां भाषा, संस्कृति, जाति और क्षेत्र के आधार पर अनेकों भिन्नताएँ हैं। इन सबके बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हमेशा भेदभाव से ऊपर उठकर भारत की एकात्मता को मजबूत किया है। हमारे देश में भाषाएं अलग हो सकती है, परंपराएँ भिन्न हो सकती हैं, पूजा-पद्धतियां और जीवन शैली अलग हो सकती है, परंतु मूल सत्य और मानवीय मूल्य एक ही रहते हैं। इसी भावना का व्यापक स्वरूप ही हिंदुत्व है।
CM ने कहा कि ये ही भारत को अपनी मातृभूमि और पितृभूमि मानता है। इसकी संस्कृति, परंपरा, जीवनशैली और मूल्यों का आदर करता है। उसकी पूजा-पद्धति चाहे कोई भी हो, पर उसकी आत्मा हिंदू है। हिंदुत्व हमें सिखाता है कि हम सब एक हैं। हमारी विविधताएँ ही हमारी शक्ति हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है। राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने लिए निरंतर कार्य कर रही है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून के साथ ही ऑपरेशन कालनेमी के माध्यम से सनातन धर्म को बदनाम करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने कहा कि देश में सबसे पहले UCC लागू कर सभी को समान अधिकार देना हो, मदरसा बोर्ड को खत्म कर सभी संप्रदायों के बच्चों के लिए राज्य में समान शिक्षा व्यवस्था की नींव डालनी हो या फिर राज्य में “हिन्दू स्टडी सेंटर बनाकर सनातन हिंदू संस्कृति के विभिन्न विषयों में शोध करने वाले युवाओं की सहायता करनी हो, हर क्षेत्र में उनकी सरकार कार्य कर रही है। इस अवसर पर विधायक बृज भूषण गैरोला भी मौजूद थे।



